उत्तराखंड - कुमाऊं मंडल में यहां दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में कार गिरने से पति-पत्नी की मौत, दोनों थे सरकारी नौकरी पर
Uttarakhand Accident - सीमांत जिले पिथौरागढ़ में रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा टनकपुर-तवाघाट हाईवे पर घाट क्षेत्र के पास हुआ, जहां बारात से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, कार संख्या UK 06 AZ 8788 मटेला बैंड से लगभग एक किलोमीटर आगे शहीद द्वार के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में समा गई। हादसे में कार सवार योगेश कुमार (38) पुत्र जीवन राम और उनकी पत्नी निधि आर्या (26), निवासी बजेटी, पिथौरागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई।
बारात से लौटते समय हुआ हादसा -
बताया जा रहा है कि दंपति गंगोलीहाट में रिश्तेदारी की एक बारात में शामिल होकर लोहाघाट से पिथौरागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान घाट क्षेत्र में उनकी कार असंतुलित होकर खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
अंधेरे में चला रेस्क्यू अभियान -
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा और गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू अभियान में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया गया। घाट चौकी प्रभारी उप निरीक्षक जीतेंद्र सोराड़ी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। रात होने के कारण रेस्क्यू में परेशानी आई, लेकिन टीम ने सफलतापूर्वक अभियान पूरा किया।
सरकारी सेवा में थे दंपति -
परिजनों के अनुसार, योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग टकाना (पिथौरागढ़) में बाबू के पद पर कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी निधि आर्या रानीखेत में सरकारी नौकरी कर रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
