भीमताल - ओखलकांडा में वन विभाग के पिंजरे में कैद हुआ खौफ का तेंदुआ, इसी गांव की महिला को बनाया था निवाला
भीमताल - नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत चमोली के तोक किटोडा में शुक्रवार सुबह वन विभाग के लगाए पिंजरे में एक तेंदुआ फंसा हुआ मिला। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित किया।
बीते कुछ दिन पहले तेंदुए ने हाल ही में गांव की एक महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली थी, जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। महिला की मौत के बाद वन विभाग की ओर से क्षेत्र में कई पिंजरे लगाए गए थे। शुक्रवार सुबह पिंजरे में तेंदुआ दिखाई देने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि पकड़ा गया तेंदुआ ही आदमखोर है या कोई अन्य। इसकी पुष्टि के लिए तेंदुए का डीएनए सैंपल जांच हेतु देहरादून भेजा जाएगा।
वन विभाग ने जानकारी दी कि बीते दो दिनों में धारी और रामगढ़ क्षेत्र से भी दो तेंदुओं को पकड़कर रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेजा गया है। इससे पहले पहाड़पानी इलाके से भी एक तेंदुआ पकड़ा गया था। सभी पकड़े गए तेंदुओं के डीएनए नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। वन विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
