लालकुआं - बिंदुखत्ता में बनेगा एक हजार लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक हॉल, प्रहलाद मेहरा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम बनाने की घोषणा
 

मुख्यमंत्री धामी ने लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन पर की घोषणाएं, बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर भी दिया कार्रवाई का भरोसा
 
 | 
लालकुआं - बिंदुखत्ता में बनेगा एक हजार लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक हॉल, प्रहलाद मेहरा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम बनाने की घोषणा

बिंदुखत्ता (लालकुआं)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बिंदुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता में एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाले बड़े सांस्कृतिक हॉल के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में स्कूल, स्टेडियम सहित प्रस्तावित अन्य कार्यों को भी पूरा कराने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर और स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। उन्होंने कहा कि प्रहलाद दा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ का जनजीवन, महिलाओं का संघर्ष, युवाओं की पीड़ा और सामाजिक चेतना दिखाई देती थी। 'गर्भ भितेरा बेटी ना मार' जैसे गीतों के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान का संदेश दिया, जबकि 'ऐजा मेरा दानपुरा' गीत में अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की भावना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति को बधाई देते हुए कहा कि लोकथात महोत्सव लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी विरासत को सहेजकर रखता है, उसकी जड़ें हमेशा मजबूत रहती हैं। इस अवसर पर लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि नकायल में सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुल का निर्माण पूरा हो चुका है। शेरनाला में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल तैयार किया गया है, जबकि विजयपुर गौला पार में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू हो गया है। सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बिंदुखत्ता में करीब 15 वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से बिजली लाइनें, नए पोल और ट्रांसफार्मर लगाने का काम किया जा रहा है। लालकुआं क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय को पीजी कॉलेज बनाया गया है। गौला और नंधौर नदी के कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाओं तथा जंगल से सटे क्षेत्रों में सौर ऊर्जा चालित तारबाड़ लगाने का काम भी किया जा रहा है।

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने पर भी चर्चा -

मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर कहा कि यह क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग है। सरकार इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर ठोस कार्रवाई कर रही है और केंद्र सरकार से भी लगातार संवाद किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वनाधिकार समिति बिंदुखत्ता के सदस्यों के साथ इस विषय पर विस्तार से चर्चा की और आगे कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

WhatsApp Group Join Now