हल्द्वानी - DPS स्कूल में संस्कार और स्नेह का संगम, ग्रैंडपैरेंट्स डे पर नन्हे बच्चों ने जीता दादा-दादी का दिल
हल्द्वानी - दिल्ली पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी में ग्रैंडपैरेंट्स डे का आयोजन उल्लास, स्नेह और भावनात्मक माहौल के बीच धूमधाम से किया गया। इस विशेष अवसर पर प्ले ग्रुप से नर्सरी तक के नन्हे विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने नैतिक कहानियों पर आधारित नृत्य-नाटिकाएँ प्रस्तुत कीं। साथ ही दादा-दादी और नाना-नानी के प्रति प्रेम, सम्मान और अटूट रिश्ते को दर्शाती लघु प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भावुक बना दिया। बच्चों की मासूम अभिव्यक्तियों और उत्साह ने उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रीटा अग्रवाल रहीं। उन्होंने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में संस्कार, पारिवारिक मूल्यों और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री रंजना शाही ने अपने संबोधन में कहा कि दादा-दादी और नाना-नानी बच्चों के जीवन में अनुभव, स्नेह और मार्गदर्शन का अमूल्य स्रोत होते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को बधाई दी।
समापन अवसर पर उपस्थित दादा-दादी और नाना-नानी के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। यह आयोजन विद्यालय की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें शिक्षा के साथ-साथ पारिवारिक मूल्यों और भावनात्मक विकास को भी समान महत्व दिया जाता है।
