भवाली - कैंची धाम के पास बड़ा हादसा, पहाड़ी से गिरे पत्थरों से बचने के प्रयास में नदी में गिरी कार, महिला घायल
भवाली/नैनीताल - अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैंची धाम के समीप बुधवार को भारी बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के बीच उन्हें बचाने का प्रयास कर रही महिला चालक कार से नियंत्रण खो बैठी, जिससे वाहन करीब 50 मीटर नीचे शिप्रा नदी क्षेत्र में जा गिरा। हादसे में महिला घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, रानीखेत निवासी कंचन अपनी कार (यूके-01बी-6284) से हल्द्वानी की ओर जा रही थीं। जैसे ही वह कैंची क्षेत्र स्थित थुआ की पहाड़ी के पास पहुंचीं, तेज बारिश के बीच अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। पत्थरों से बचने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे शिप्रा नदी क्षेत्र में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कैंची चौकी पुलिस और सीपीयू की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसी महिला को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
इसके बाद श्री कैंची धाम तहसील के तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी के सरकारी वाहन से घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर कई स्थानों पर पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
