उत्तराखंड - उत्तरकाशी के सिलक्यारा टनल में बड़ा हादसा, लाइनिंग गिरने से 21 वर्षीय युवा श्रमिक की मौत
उत्तरकाशी - उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। टनल के भीतर शॉटक्रीट (कंक्रीट) लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिरने से 21 वर्षीय श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक श्रमिक झारखंड का निवासी बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा बड़कोट साइड से करीब 900 मीटर अंदर रात लगभग 2 बजे हुआ, जब टनल में नियमित निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक लाइनिंग का बड़ा हिस्सा गिरने से वहां मौजूद श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल श्रमिक को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही बड़कोट पुलिस और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। बड़कोट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इधर, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
गौरतलब है कि सिलक्यारा टनल इससे पहले 12 नवंबर 2023 को हुए बड़े हादसे के कारण देशभर में सुर्खियों में रही थी। उस समय सुरंग का एक हिस्सा ढहने से 41 मजदूर अंदर फंस गए थे, जिन्हें 17 दिनों तक चले ऐतिहासिक रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
ताजा हादसे के बाद एक बार फिर टनल निर्माण में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। श्रमिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की मांग की है।
