हल्द्वानी - 16 वर्षीय किशोरी ने अस्पताल में दिया बच्चे को जन्म, पड़ोस में रहने वाले नाबालिग पर पोक्सो के तहत मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी - नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हल्दूचौड़ में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पेट में तेज दर्द की शिकायत पर परिजन 16 वर्षीय किशोरी को इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों को पता चला कि किशोरी गर्भवती है और उसे प्रसव पीड़ा हो रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल प्रसव कराया, जिसके बाद किशोरी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि किशोरी की मां का पूर्व में निधन हो चुका है और वह अपने पिता व तीन बहनों के साथ रहती है। परिवार को उसकी गर्भावस्था की कोई जानकारी नहीं थी। पेट दर्द होने पर सामान्य बीमारी समझकर अस्पताल लाया गया था, जहां पूरा मामला सामने आया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग किशोर के साथ किशोरी का संपर्क था। आरोप है कि उसी दौरान वह गर्भवती हुई। सामाजिक बदनामी और पारिवारिक भय के चलते किशोरी ने गर्भावस्था की बात किसी को नहीं बताई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार प्रसव के बाद किशोरी और नवजात दोनों की हालत सामान्य है और चिकित्सकीय निगरानी में उपचार जारी है।
सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने बताया कि दोनों पक्ष नाबालिग हैं। परिजनों की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
