हल्द्वानी - यूट्यूबर सौरव जोशी की लग्जरी कार देखने घर से भागा 13 वर्षीय किशोर, पुलिस ने परिजनों के किया सुपुर्द

 | 
हल्द्वानी - यूट्यूबर सौरव जोशी की लग्जरी कार देखने घर से भागा 13 वर्षीय किशोर, देहरादून से पहुंचा हल्द्वानी 

हल्द्वानी - यूट्यूबर सौरव जोशी की लग्जरी कारों को करीब से देखने की चाह में देहरादून के सेलाकुई निवासी 13 वर्षीय किशोर घर से भागकर हल्द्वानी पहुंच गया। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला किशोर ट्रेन से हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां से सीधे सौरभ जोशी के घर चला गया। यूट्यूबर ने किशोर को अपनी लग्जरी कारें दिखाईं और घर का टूर भी कराया। बाद में किशोर को हल्द्वानी कोतवाली लाया गया, जहां से एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) को सूचना दी गई। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर किशोर को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को घर से निकला किशोर ट्रेन से हल्द्वानी पहुंचा था। एएचटीयू प्रभारी एसआई सुनीता कुंवर ने जब किशोर से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह पिछले करीब चार वर्षों से सौरव जोशी के व्लॉग देख रहा है। वह उनके पास मौजूद एक लग्जरी कार को करीब से देखना चाहता था। इसी इच्छा को पूरा करने के लिए उसने घर पर रिश्तेदारों से मिलने वाले रुपये जमा किए और घर से निकलकर हल्द्वानी पहुंच गया।

कारें देखने के साथ कराया होम टूर - 
किशोर के सौरव जोशी के घर पहुंचने पर यूट्यूबर ने उसे अपनी सभी कारें दिखाईं। इसके साथ ही घर का होम टूर भी कराया। इसके बाद किशोर को हल्द्वानी कोतवाली लाया गया और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मामले की जानकारी दी गई। एएचटीयू प्रभारी सुनीता कुंवर ने बताया कि किशोर के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हल्द्वानी बुलाया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद किशोर को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। किशोर की काउंसलिंग भी की गई।

WhatsApp Group Join Now