हल्द्वानी - तोपखाना रेजिमेंट का 199वां स्थापना दिवस सामाजिक सेवा और आस्था के नाम, देश सेवा के बाद समाज सेवा से जुड़े पूर्व सैनिक 

 | 
हल्द्वानी - तोपखाना रेजिमेंट का 199वां स्थापना दिवस सामाजिक सेवा और आस्था के नाम, देश सेवा के बाद समाज सेवा से जुड़े पूर्व सैनिक 

हल्द्वानी - तोपखाना (आर्टिलरी) रेजिमेंट की स्थापना के 199वें वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर, कुमाऊं के सबसे बड़े गौरवशाली तोपखाना सेनानी संगठन ने एक विशेष सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया। हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र स्थित हल्दीखाल गौधाम में दिनांक 28 सितंबर को आयोजित इस आयोजन की शुरुआत अखंड रामायण पाठ से हुई, जिसमें पूर्व सैनिकों के परिवारों समेत स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इसके उपरांत पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण किया गया और गौ सेवा हेतु गुप्त दान भी किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन तोपखाना गौरवशाली सेनानी संगठन के संरक्षक नारायण दत्त जोशी और संस्थापक आदरणीय भुवन चंद्र भगत के मार्गदर्शन में किया गया। संगठन के मीडिया प्रभारी दीपू महरा ने जानकारी दी कि अब संगठन के सभी पूर्व सैनिक देश सेवा के बाद समाज सेवा के लिए संकल्पित हैं। वे अब समाज के हर क्षेत्र में अपनी भूमिका निभाने को तत्पर हैं।

इस पावन अवसर पर लगभग 200 लोगों की उपस्थिति रही, जिसमें तोपखाना सेनानी परिवारों के साथ-साथ स्थानीय जनता भी बड़ी संख्या में शामिल रही। नवरात्रि के इस अवसर पर सभी ने भजन-कीर्तन में भाग लिया और अंत में प्रसाद व सामूहिक भोजन ग्रहण किया। गौ माता और माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस सामाजिक और धार्मिक पहल को क्षेत्रवासियों ने सराहा और तोपखाना गौरवशाली सेनानी संगठन को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

WhatsApp Group Join Now