Kumaon News - चार दिन से लापता महिला का नदी में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस 

 | 
Kumaon News - चार दिन से लापता महिला का नदी में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस 

Kumaon Crime - रानीखेत क्षेत्र में तीन दिनों से लापता चल रही एक महिला का शव कोसी नदी से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनियाकोट गांव निवासी हरीश मेहरा की 43 वर्षीय पत्नी खष्टी देवी 4 जून से लापता थीं। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी तलाश की और रिश्तेदारों के यहां भी जानकारी की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।

शनिवार को द्वारसों-काकड़ीघाट रोड स्थित पुल के नीचे कोसी नदी में ग्रामीणों ने एक महिला का शव उतराता हुआ देखा। सूचना पर ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह परिहार मौके पर पहुंचे और शव की पहचान खष्टी देवी के रूप में की। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता हरीश परिहार, गोपाल सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने पुलिस व प्रशासन को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसआई फिरोज खान और नायब तहसीलदार टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह परिहार के अनुसार खष्टी देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। उनके पति नैनीताल के एक होटल में कार्यरत हैं। परिवार में एक पुत्र मालदीव में नौकरी करता है, बड़ी बेटी का विवाह हो चुका है तथा दो बेटियां अध्ययनरत हैं।

शनिवार शाम को नागरिक चिकित्सालय में डॉ. गोविंद सिंह माहरा द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके पश्चात काकड़ीघाट स्थित श्मशान घाट में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
कोतवाल भुवन जोशी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

WhatsApp Group Join Now