Kumaon Crime - जंगल में महिला का अधजला शव मिलने से मची सनसनी, हत्या या आत्महत्या? गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस 

 | 
Kumaon Crime - जंगल में महिला का अधजला शव मिलने से मची सनसनी, हत्या या आत्महत्या? गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस 

Kumaon Crime News - उत्तराखंड के खटीमा कोतवाली क्षेत्र के चारुबेटा इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब जंगल में एक महिला का अधजला शव बरामद किया गया। यह शव चारुबेटा की नई बस्ती के पीछे जंगल में एक पेड़ के नीचे मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर तुरंत कोतवाली खटीमा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी विमल रावत व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मृतका की पहचान अनीता पत्नी सुरेश, निवासी नई बस्ती, चारुबेटा, खटीमा के रूप में की है।


परिजनों के मुताबिक अनीता शनिवार सुबह से ही घर पर नहीं थी। पहले बच्चों ने मां की तलाश की, फिर अनीता की ननद और उसकी सहेली ने ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद घर से सटे जंगल में एक पेड़ के नीचे अनीता का अधजला शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही खटीमा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई।


जांच जारी, अब तक नहीं खुला राज - 
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अनीता की मौत कैसे हुई—हत्या है या आत्महत्या। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय खटीमा भेजा गया है। मृतका अनीता अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई है — 9 साल की बेटी रिया, 7 साल का बेटा आयुष और 3 साल की बेटी नव्या। अनीता की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं परिवार और बच्चे गहरे सदमे में हैं। सीओ खटीमा विमल रावत का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सच सामने लाया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now