Kumaon Crime - यहां पुरानी रंजिश में भिड़े दो पक्ष, पिस्टल से युवक के पैर में मारी गोली, हायर सेंटर रेफर
Kumaon Crime - रविवार देर रात करीब 10 बजे बाजपुर के बिरहा फार्म क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक के दाएं पैर में पिस्टल से गोली मार दी गई। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। गोली लगने से घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक भौना कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय ऋषिपाल पुत्र भूरे, बिरहा फार्म निवासी 27 वर्षीय अजय सिंह पुत्र ओमप्रकाश सिंह और रेंहटा निवासी 23 वर्षीय वंश राठौर को मारने के इरादे से चार-पांच लोग कार से बिरहा फार्म पहुंचे थे। बताया गया कि वहां किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि इसी दौरान पिस्टल से ऋषिपाल के दाएं पैर में गोली मार दी गई। वहीं अजय सिंह पर पिस्टल की बट से हमला किया गया, जबकि वंश राठौर के साथ भी मारपीट की गई। घटना में तीनों घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए बाजपुर के उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। ऋषिपाल और अजय सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि वंश राठौर को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। ऋषिपाल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस -
घटना की सूचना मिलते ही बरहैंनी चौकी प्रभारी सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। देर रात तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। फायरिंग की घटना से पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।
तहरीर मिलने के बाद होगी कार्रवाई -
बरहैंनी चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तैयब ने बताया कि एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है। उसे प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया।

