Kumaon Crime - युवती से पहले मोबाइल नंबर मांगकर किया परेशान, नहीं दिया तो दुकान में घुस कर तमंचे के बल पर मारपीट
 

 | 
Kumaon Crime - युवती से पहले मोबाइल नंबर मांगकर किया परेशान, नहीं दिया तो दुकान में घुस कर तमंचे के बल पर मारपीट

Kumaon Crime - रुद्रपुर में एक युवती से छेड़छाड़ और दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है। कार सवार युवकों ने पहले कई दिनों तक युवती का पीछा कर उसका मोबाइल नंबर मांगकर परेशान किया, और जब उसने इंकार किया तो आरोपियों ने उसकी दुकान में घुसकर तमंचे के बल पर मारपीट और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, लोहिया नगर निवासी कविता की “कोरंगा ट्रेडर्स” नाम से दुकान है, जहां वह रोजाना पैदल आना-जाना करती है। पीड़िता का आरोप है कि सुमित गुप्ता नाम का युवक पिछले कई दिनों से कार से उसका पीछा कर रहा था और बार-बार मोबाइल नंबर मांगकर उसे परेशान कर रहा था। युवती ने उसे कई बार दुकान के बोर्ड पर लिखे नंबर पर संपर्क करने की बात कही, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
 
घटना 24 अप्रैल की शाम की है, जब पीड़िता की दुकान पर उसके व्यावसायिक सहयोगी अरुण चौहान मौजूद थे। इसी दौरान सुमित गुप्ता, योगेश कुमार अपने चार अन्य साथियों के साथ दुकान में घुस आए और गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने अरुण चौहान के साथ मारपीट की।  पीड़िता के अनुसार जब उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने तमंचा निकाल लिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने दुकान के गल्ले से करीब 8 हजार रुपये भी लूट लिए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी खुद को एक संगठन से जुड़ा बता रहे थे और दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे।

मामले में पुलिस ने सुमित गुप्ता, योगेश कुमार समेत चार अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now