Kumaon Crime - पहाड़ में टैक्सी चालक ने स्पैनर से की युवक की हत्या, आठ घंटे में आरोपी तक पहुंची पुलिस, गिरफ्तार
Kumaon Crime - सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के डीडीहाट-दूनाकोट मार्ग पर युवक का शव मिलने के मामले का पुलिस ने महज आठ घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रास्ते में हुए विवाद के दौरान आरोपी ने स्पैनर (लोहे के पाने) से युवक के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) उमेश मलिक ने बताया कि डीडीहाट बाजार से करीब 15 से 18 किलोमीटर दूर हुनेरा गांव निवासी 32 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चौहान, पुत्र स्वर्गीय पुष्कर सिंह चौहान, अकेले रहते थे। उनके बड़े भाई भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में तैनात हैं। 13 जुलाई की रात भूपेंद्र किसी काम से डीडीहाट बाजार गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। अगले दिन उनका शव डीडीहाट-दूनाकोट सड़क पर कांडा-कफलुवा मोड़ के पास बरामद हुआ।
जांच के दौरान पुलिस ने टैक्सी चालक सुमित सिंह धामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ मैक्स वाहन (यूके-05टीए-3333) से घर लौट रहा था। इसी दौरान कथित रूप से नशे की हालत में भूपेंद्र उसकी गाड़ी में बैठ गया।
पुलिस के अनुसार, सफर के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर सुमित ने वाहन में रखा स्पैनर उठाकर भूपेंद्र के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण भूपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी शव को कांडा-कफलुवा मोड़ के पास सड़क किनारे फेंककर पत्नी और बच्चे के साथ मौके से फरार हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की आगे की जांच जारी है।
