Kumaon Crime - चुनावी रंजिश में हुए हत्याकांड के बाद एक्शन में पुलिस, दो मुठभेड़ों में चार बदमाश गिरफ्तार, दो घायल
 

 | 
Kumaon Crime - चुनावी रंजिश में हुए हत्याकांड के बाद एक्शन में पुलिस, दो मुठभेड़ों में चार बदमाश गिरफ्तार, दो घायल

रुद्रपुर/काशीपुर - चुनावी रंजिश के चलते किच्छा में हुए अलीम हत्याकांड के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। वहीं, काशीपुर में भी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया।

किच्छा में मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार - 
किच्छा कोतवाली क्षेत्र में अलीम हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने दरऊ क्षेत्र स्थित खेत में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। एक के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए किच्छा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद खान (46) और गुलनवाज (22), निवासी ग्राम दरऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खाली खोखे बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि इससे पहले 23 अगस्त को भी इस मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। सभी आरोपियों को जल्द कोर्ट में पेश किया जाएगा।

काशीपुर में भी मुठभेड़, दो आरोपी दबोचे गए - 
रविवार देर शाम काशीपुर के कुंडेश्वरी-खरमासा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देख दो संदिग्ध अचार फैक्ट्री की ओर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा मौके पर दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काव्य शर्मा, निवासी ढकिया, और राघव मिश्रा उर्फ निखिल, निवासी सुभाष नगर, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, काव्य शर्मा पर पूर्व ग्राम प्रधान श्याम सिंह पर गोली चलाने का आरोप है, जो पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसका भाई कार्तिक शर्मा फरवरी 2024 में दोहरे हत्याकांड में जेल जा चुका है, जबकि मामा भी हत्या के प्रयास में बंद है।

पुलिस की सक्रियता रंग लाई - 
दोनों मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों को दबोचने में सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।

WhatsApp Group Join Now