Kumaon Crime - PUBG गेम खेलने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट, बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, कई लोग घायल
रुद्रपुर - शहर की नेताजी सुभाष कॉलोनी, वार्ड नंबर-2 में सोमवार को बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय लोगों के साथ भी हाथापाई किए जाने का आरोप है। घटना में एक मासूम बच्चा भी घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, एक पक्ष का आरोप है कि कॉलोनी में एक बच्चा मोबाइल पर PUBG खेल रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष का एक युवक वहां पहुंचा और कथित तौर पर बच्चे का मोबाइल छीनकर उसे थप्पड़ मार दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद विवाद फिर भड़क उठा।
आरोप है कि इसके बाद एक पक्ष के कई लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते लाठी-डंडों, घूंसों और लातों से मारपीट शुरू हो गई। झड़प में कई लोगों के सिर और शरीर पर चोटें आईं। घटना के दौरान कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग अपने घरों व दुकानों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़ा शांत कराने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान मौके पर मौजूद एक मासूम बच्चा भी चोटिल हो गया। घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति पर नियंत्रण किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि विवाद की वास्तविक वजह, मारपीट की शुरुआत किसने की और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
