Kumaon Crime - आईटीबीपी की महिला जवान के धर्मांतरण का आरोप, पति ने बच्चों का भी कराया धर्म परिवर्तन, तीन पर मुकदमा
उत्तराखंड - उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में आईटीबीपी की एक महिला जवान ने पति और दो अन्य लोगों पर जबरन धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम दिया निवासी महिला जवान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2014 में हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। वर्तमान में वह आईटीबीपी में तैनात है और लद्दाख में सेवाएं दे रही है। महिला के अनुसार उसका पति संदीप सिंह राना बेरोजगार है। आरोप है कि वर्ष 2016 में मोहम्मदपुर भुड़िया निवासी कमलजीत सिंह और दान सिंह राना ने पति को रोजगार और आर्थिक लाभ का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया।
महिला का आरोप है कि पति ने उसकी जानकारी के बिना दोनों बच्चों के ईसाई नाम रख दिए और उन्हें चर्च ले जाने लगा। छुट्टी पर घर आने पर पति ने उस पर भी ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट की गई और उसे जबरन मोहम्मदपुर भुड़िया ले जाया गया, जहां पास्टर दान सिंह राना ने कथित रूप से जलकुंड में स्नान कराकर धर्मांतरण कराया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति उसे हिंदू रीति-रिवाजों से पूजा-पाठ नहीं करने देता, मांग में सिंदूर भरने और मंगलसूत्र पहनने से भी रोकता है। साथ ही बच्चों को अपने पास रखकर हर माह पैसे मांगता है और रकम न देने पर बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता है। महिला जवान के अनुसार 19 मई 2026 को पति उसके मायके पहुंचा और ईसाई धर्म अपनाने पर दो लाख रुपये तथा प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिमाह छह हजार रुपये मिलने की बात कही। मामले में पुलिस ने पति संदीप सिंह राना, कमलजीत सिंह और दान सिंह राना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने बताया कि धर्मांतरण से जुड़े मामलों में गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
