Kumaon Crime - सोते हुए बेटे पर पिता ने सब्बल से किए कई वार, नकदी और जेवर लेकर फरार

 | 
Kumaon Crime - सोते हुए बेटे पर पिता ने सब्बल से किए कई वार, नकदी और जेवर लेकर फरार

Kumaon Crime - रुद्रपुर के इंदिरा कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के चलते एक पिता ने अपने ही बेटे पर लोहे की सब्बल से हमला कर दिया। आरोप है कि सो रहे बेटे के सिर पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद आरोपित पिता घर से नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गया।

इंदिरा कॉलोनी निवासी विक्की पुत्र सुरेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 नवंबर की शाम करीब छह बजे उसका बड़ा भाई अनिल कुमार घर में सो रहा था। इसी दौरान उनके पिता सुरेश कुमार ने लोहे की सब्बल से अनिल के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही विक्की अपने भाई को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर लिया। तहरीर के मुताबिक, अनिल कोमा में है और वह न तो बोल पा रहा है और न ही सुन पा रहा है।

विक्की ने आरोप लगाया कि हमले के बाद उसके पिता घर में रखी करीब 50 से 60 हजार रुपये की नकदी, दो तोला सोना और 100 ग्राम चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। आरोप है कि घर से निकलने से पहले उन्होंने रसोई गैस सिलेंडर में आग लगाने का प्रयास किया और घर में तोड़फोड़ भी की।

सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि मामले में आरोपित सुरेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और इसके लिए टीम गठित कर कार्रवाई की जा रही है।

WhatsApp Group Join Now