Kumaon Crime - यहां कक्षा 9 के छात्र ने स्कूल में गुरूजी पर चलाई गोली, 315 बोर के तमंचे से गोली लगने से शिक्षक घायल
Kumaon Crime - कुमाऊं क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। काशीपुर के कुंडेश्वरी रोड स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 9 के छात्र ने अपने ही भौतिक विज्ञान के शिक्षक पर 315 बोर के तमंचे से फायरिंग कर दी, जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। घटना में शिक्षक गगनदीप कोहली गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। गोली उनके कंधे में लगी है, और उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर छात्र और शिक्षक के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद छात्र अपने साथ स्कूल में तमंचा लेकर आया और कक्षा में ही गोली चला दी। घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, और मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि तमंचा कहां से आया, और छात्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
घटना के बाद स्कूल में सदमे और दहशत का माहौल है। अन्य छात्र और अभिभावक भी स्तब्ध हैं कि एक किशोर इतना खतरनाक कदम कैसे उठा सकता है। पुलिस ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए किशोर न्याय अधिनियम, आर्म्स एक्ट और अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
