Kumaon Crime - दबंगों ने टोलकर्मियों को दौड़ाकर पीटा, इस नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे, ब्लॉक प्रमुख समेत 15 पर हुआ केस दर्ज

Kumaon Crime - टोल प्लाजा पर कार सवार दबंगों ने टोलकर्मियों के साथ जमकर मारपीट की। दबंगों ने किच्छा नेशनल हाईवे पर चुकटी स्थित टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने बीच बचाव कर किसी तरह मामला शांत किया। पुलिस ने लालपुर नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे, ब्लाक प्रमुख सहित करीब 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शनिवार देर रात एक कार टोल प्लाजा के बैरियर संख्या पांच पर पहुंची। उसमें बैठे युवकों ने कर्मचारी से टोल बैरियर हटाने के लिए कहा। कर्मचारी ने टोल शुल्क मांगा तो विवाद बढ़ गया। इस पर युवकों ने कार से उतरकर खुद ही बैरियर हटा दिया। टोल कर्मी रोहित कुमार, प्रदीप कुमार, सुपरवाइजर सौरभ के साथ आरोपियों ने मारपीट कर दी।

टोल प्रबंधक राहुल शर्मा ने बताया कि इस बीच युवकों के साथियों की गाड़ियां भी वहां पहुंच गई थीं। इसके बाद युवकों ने उनके कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जब कर्मचारी जान बचाने के लिए कंट्रोल रूम में आए तो युवक उनके पीछे वहां भी आ गए। उन्होंने कंट्रोल रूम में तोड़फोड़ की। आरोपियों ने कैशरूम के दरवाजे को तोड़ने की भी कोशिश की।

सूचना पर लालपुर चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल मौके पर पहुंचे मगर दबंगों ने उनकी भी नहीं सुनी। सूचना पर इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार फोर्स के साथ पहुंच गए। राहुल शर्मा ने बताया कि युवकों ने लगभग एक घंटे तक पुलिस की मौजूदगी में हुड़दंग किया। पुलिस के समझाने पर युवक वहां से चले गए। इसके बाद कर्मचारी रोहित कुमार और प्रदीप कुमार का मेडिकल कराया गया।
टोल कर्मी अर्जुन कुमार की ओर से दी गई तहरीर में कहा कि वहां मौजूद एक व्यक्ति ने खुद को ब्लाक प्रमुख व दूसरे ने खुद को नगर पंचायत लालपुर के अध्यक्ष का बेटा बताया। उनके कर्मचारियों के साथ गालीगलोज, मारपीट कर धमकी दी गई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस पर पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे, ब्लाॅक प्रमुख सहित 10 से 15 अज्ञात लोगों पर बीएनएस की धारा 115 (2), 191 (2),324 (4),351 (3) व 352 के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच लालपुर चौकी प्रभारी को सौंपी गई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे की आज जानी है बरात -
टोल प्लाजा में हुई घटना में शामिल युवक एक पार्टी से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि लालपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष के पुत्र का सोमवार को विवाह है। बरात पीलीभीत जानी है। शनिवार की रात किच्छा के एक बरातघर में रिश्तेदारों, दोस्ताें व परिचितों के लिए पार्टी का आयोजन किया गया था। मारपीट में शामिल लोग पार्टी से लौट रहे थे और टोल पर विवाद कर बैठे।
अमृतलाल ने किया मारपीट से इन्कार -
लालपुर के नगर पंचायत के अध्यक्ष के पुत्र अमृतपाल सिंह ने मारपीट की घटना से इन्कार किया है। उनका कहना है कि उनकी गाड़ी में फास्टैग लगा था। गेट संख्या पांच पर कोई कर्मचारी नहीं था। बैरियर की तकनीकी खराबी होने पर उठ नहीं रहा था। उनके साथी ने बैरियर उठा दिया, इस बीच कुछ कर्मचारी आ गए और बहस करने लगे। यहां पर विवाद हुआ तो उन्होंने बीचबचाव किया था। आरोप लगाया कि टोलकर्मियों ने पीछे से आकर हमला बोला, फिर भाग गए।
एसओजी खंगाल रही फुटेज
टोल पर उपजे विवाद के बाद रविवार सुबह एसओजी के दारोगा मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि घटना के समय के सभी वीडियो लेकर मामले की पूरी छानबीन की जाएगी और दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी उधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा ने कहा किच्छा में टोल प्लाजा पर हुए घटनाक्रम में अभियुक्तों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अभियुक्तों को चिह्नित किया जा रहा है। पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। किसी किस्म की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, किच्छा में हुए टोल प्लाजा प्रकरण की जानकारी की जा रही है। कानून अपना काम कर रहा है। इस मामले में जानकारी लेने के बाद पार्टी स्तर से कार्रवाई की जाएगी।