Kumaon Crime - पूर्व कर्नल के परिवार को घेरकर हमला, बेटे की सोने की चेन लूटी तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी
Kumaon Crime - रुद्रपुर शहर के बिगवाड़ा गेट पर रास्ता पूछने के बहाने कार रुकवाकर पूर्व कर्नल के परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। चार-पांच बाइक और स्कूटी पर सवार हमलावरों ने परिवार को घेरकर तमंचा लहराया और गोली मारने की धमकी दी। आरोपियों ने कार सवार बेटे के गले से सोने की चेन लूट ली और महिलाओं के साथ भी छीना-झपटी की। विरोध करने पर हमलावरों ने कार के पांच शीशे तोड़ दिए। परिवार ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, पंजाब निवासी सेवानिवृत्त कर्नल साधू सिंह बाजवा का बेटा सुखमन सिंह 25 नवंबर की रात अपनी पत्नी, मां, बहन और मौसी के साथ केशवगढ़, गदरपुर में आयोजित एक विवाह समारोह से लौट रहा था। रात करीब 11:25 बजे जब उनकी कार बिगवाड़ा गेट के पास पहुंची तो कुछ लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया।
बताया गया कि संदिग्ध गतिविधियां देखकर सुखमन सिंह ने कार आगे बढ़ाने का प्रयास किया। इस पर आरोपियों ने बाइक और स्कूटी से उनका पीछा किया और प्रबल ग्रीन के पास कार को घेर लिया। इसके बाद हमलावरों ने परिवार के साथ मारपीट और लूटपाट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और सुखमन सिंह के गले से सोने की चेन छीन ली। कार में बैठी महिलाओं के साथ भी छीना-झपटी की गई। हमलावरों ने कार के पांच शीशे भी तोड़ दिए। किसी तरह परिवार वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा। घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।





