Kumaon Accident - पहाड़ में दर्दनाक सड़क हादसा, अनियंत्रित कार घर की छत पर गिरी, चालक की हुई मौत
Kumaon Accident - उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। रानीखेत तहसील के अंतर्गत ग्राम देहोली (चौबटिया) में एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 15-20 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए एक मकान की छत पर जा गिरी। इस हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK02-TA-3159 (वेगनआर) देहोली क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार सीधे नीचे स्थित स्थानीय निवासी लाल सिंह के मकान की छत पर आ गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मकान की छत को भी गंभीर नुकसान पहुंचा।
मृतक की पहचान भुवन प्रसाद (32 वर्ष), पुत्र गोपाल राम, निवासी ग्राम मटेला काफलीगैर, जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह वाहन में अकेले सवार थे और हादसे के समय उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रानीखेत चिकित्सालय पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है, जो मौके के लिए रवाना हो चुके हैं।
हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह दृश्य बेहद भयावह था, हालांकि राहत की बात यह रही कि मकान के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।
