Khatima News - पानी समझकर शराब में मिला दिया संदिग्ध पेय, सेवन करने से दो लाेगों की मौत, एक गंभीर
उत्तराखंड - खटीमा में देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ जब संदिग्ध पेय पदार्थ पीने से दो लोगों की मौत हो गई और एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें और संदिग्ध तरल पदार्थ बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, देर रात खटीमा कोतवाल विजेंद्र शाह को कंजाबाग रोड पर शराब सेवन के बाद एक व्यक्ति की मौत और दो अन्य की गंभीर स्थिति की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कंजाबाग निवासी डिल्लू राणा (52) को खटीमा उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
साथ ही, सत्रहमील निवासी प्रवेश राणा और मलकीत सिंह राणा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बरेली के हायर सेंटर रेफर किया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान मलकीत सिंह राणा की भी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पीने वालों ने गाड़ी में रखी एक बोतल में मौजूद संदिग्ध रासायनिक तरल पदार्थ को पानी समझकर शराब में मिला लिया था। खटीमा उप जिला अस्पताल के डॉ. वी.पी. सिंह ने बताया कि संदिग्ध पेय पदार्थ से तेज़ मिथाइल अल्कोहल जैसी गंध आ रही थी, जिससे जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है।
कोतवाल ने कहा कि मामले की जांच जारी है और आगामी फोरेंसिक रिपोर्ट से स्पष्ट तथ्य सामने आएंगे। इस हादसे ने खटीमा क्षेत्र में डर और शोक की लहर पैदा कर दी है।
