हल्द्वानी - घर से तहसील चलाने वाला कानूनगो अशरफ अली निलंबित, DM ने लिया एक्शन, कमिश्नर ने पकड़ा था खेल 

 | 
हल्द्वानी - घर से तहसील चलाने वाला कानूनगो अशरफ अली निलंबित, DM ने लिया एक्शन, कमिश्नर ने पकड़ा था खेल 

हल्द्वानी/रुद्रपुर 28 सितम्बर - हल्द्वानी में घर से तहसील का कामकाज संचालित करने वाले सर्वे कानूनगो अशरफ अली को प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। ऊधम सिंह नगर में संबद्ध होते ही डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने यह कार्रवाई की है। निलंबन अवधि के दौरान अशरफ अली को सहायक अभिलेख अधिकारी (मुख्यालय) से संबद्ध किया गया है।

कमिश्नर ने पकड़ा खेल - 
इस प्रकरण का खुलासा तब हुआ जब 23 सितम्बर को कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने हल्द्वानी तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि कानूनगो अशरफ अली धारा 143 से संबंधित कई महत्वपूर्ण फाइलें अपने घर पर रखे हुए थे, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

कमिश्नर जब खुद अशरफ अली के घर पहुंचे तो वहां धारा 143 से संबंधित 21 मामलों की फाइलें बरामद हुईं। इनमें से कुछ फाइलों पर पटवारी की रिपोर्ट भी लगी थी, बावजूद इसके उन्हें बेवजह दबाकर रखा गया था। वहीं कुछ मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित किया गया था।

डीएम ने की तत्काल कार्रवाई - 
जांच रिपोर्ट के आधार पर नैनीताल के जिलाधिकारी ने अशरफ अली की संबद्धता समाप्त करने और निलंबन की अनुशंसा की थी। इसी के तहत शनिवार को डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने उन्हें निलंबित कर दिया। अब अशरफ अली को यह भी प्रमाणित करना होगा कि वह निलंबन की अवधि में किसी अन्य सेवा योजना, व्यापार या व्यवसाय में संलिप्त नहीं हैं।

WhatsApp Group Join Now