उत्तराखंड - नैनीताल हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे जस्टिस सुधीर सिंह, पढ़िए कैसा रहा अब तक उनका न्यायायिक सफर
नैनीताल - पटना हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सुधीर सिंह उत्तराखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने उनके नाम की सिफारिश की है। केंद्र सरकार की मंजूरी और राष्ट्रपति की अधिसूचना के बाद उनकी नियुक्ति प्रभावी होगी। उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता के सेवानिवृत्त होने के बाद वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार तिवारी को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। अब कॉलेजियम की सिफारिश के बाद जस्टिस सुधीर सिंह के उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनने का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।
2015 में बने थे अतिरिक्त न्यायाधीश-
जस्टिस सुधीर सिंह को 15 अप्रैल 2015 को पटना हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इसके बाद 20 अप्रैल 2016 को उन्होंने स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। न्यायिक सेवा में आने से पहले उन्होंने वकालत के क्षेत्र में भी लंबा अनुभव हासिल किया। जस्टिस सिंह ने रांची के विकास विद्यालय से स्कूली शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद पटना विश्वविद्यालय के पटना कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक और पटना लॉ कॉलेज से एलएलबी की डिग्री हासिल की। उन्होंने वर्ष 1991 में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया था।
केंद्र सरकार और रेलवे के लिए भी कर चुके हैं पैरवी -
जस्टिस सुधीर सिंह ने पटना हाईकोर्ट में केंद्र सरकार के वकील के रूप में कार्य किया। इसके अलावा उन्होंने रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड के लिए रेलवे अधिवक्ता, भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग के अतिरिक्त स्थायी वकील तथा भारत के सहायक सॉलिसिटर जनरल के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। उनकी प्रमुख पैरवी आपराधिक और रिट मामलों में रही है।
न्यायिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से हैं जस्टिस सिंह -
जस्टिस सुधीर सिंह का परिवार लंबे समय से कानून के क्षेत्र से जुड़ा रहा है। उनके परदादा नंद किशोर प्रसाद सिंह छपरा जिला न्यायालय में वकालत करते थे, जबकि उनके दादा बलदेव प्रसाद सिंह पटना हाईकोर्ट में अधिवक्ता थे। उनके दादा लंबे समय तक बैरिस्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे।
उनके पिता न्यायमूर्ति एनपी सिंह सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश हैं। वह कावेरी जल विवाद न्यायाधिकरण के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
अन्य हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की भी सिफारिश -
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने अन्य हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए भी सिफारिशें की हैं। इनमें गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस एमआर पाठक को गुजरात हाईकोर्ट, तेलंगाना हाईकोर्ट के जस्टिस पीएस कोषय को दिल्ली हाईकोर्ट और कलकत्ता हाईकोर्ट के जस्टिस टी. चक्रवर्ती को तेलंगाना हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश शामिल है। इन नियुक्तियों पर आगे की प्रक्रिया केंद्र सरकार और राष्ट्रपति की मंजूरी के अनुसार पूरी होगी।


