नैनीताल - उत्तराखंड हाईकोर्ट को मिला सातवां स्थायी न्यायाधीश, जस्टिस सुभाष उपाध्याय दिलाई पद की शपथ
नैनीताल - उत्तराखंड हाईकोर्ट को न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय के रूप में सातवां स्थायी न्यायाधीश मिल गया है। सोमवार को नैनीताल स्थित हाईकोर्ट परिसर में आयोजित फुल कोर्ट रेफरेंस के दौरान मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता ने अतिरिक्त न्यायाधीश सुभाष उपाध्याय को स्थायी न्यायाधीश के पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही हाईकोर्ट में स्थायी न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।
कार्यक्रम की शुरुआत रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता की अनुमति से हुई। इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से जारी नियुक्ति संबंधी अधिसूचना पढ़ी गई। अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्वीकृति के बाद न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय को अतिरिक्त न्यायाधीश से स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। शपथ ग्रहण के बाद न्यायमूर्ति उपाध्याय ने आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और कोर्ट की कार्यवाही समाप्त की गई।
इस दौरान हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह समेत अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं थे। न्यायमूर्ति उपाध्याय के परिवार के सदस्य भी शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे।
महाधिवक्ता एसएन बाबुलकर ने न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की स्थायी नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि इससे हाईकोर्ट में न्यायिक कार्यों के संचालन में और तेजी आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि स्थायी न्यायाधीशों की संख्या बढ़ने से लंबित मामलों के निस्तारण में भी मदद मिलेगी। महाधिवक्ता ने हाईकोर्ट में रिक्त पदों पर जल्द अन्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की उम्मीद भी जताई।
शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व महाधिवक्ता वीबीएस नेगी, वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा, पीयूष गर्ग, बासु मौलेखी, जीएस विर्क समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता और न्यायालय के अधिकारी मौजूद रहे।


