हल्द्वानी - यहां देर रात तक डीजे वाले बाबू को गाना बजाना पड़ा महंगा, पुलिस ने चालान कर जब्त किए उपकरण
| Dec 1, 2025, 15:24 IST
हल्द्वानी - रात्रि 10 बजे के बाद डीजे संचालन पर कड़ी रोक लगाने के SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशों के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 29 नवंबर 2025 की रात को नीलांचल कॉलोनी में देर रात तेज ध्वनि में डीजे बजाए जाने पर पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की।
सिटी कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक डीजे ऑपरेटर द्वारा रात 12 बजे के बाद भी ऊंची ध्वनि में डीजे बजाया जा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी भोटिया पड़ाव अनिल कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान रात 12:35 बजे घर की छत पर अत्यधिक ध्वनि तीव्रता में डीजे बजता पाया गया।
समय सीमा और ध्वनि प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने पर डीजे संचालक भूपेंद्र मौर्या के खिलाफ धारा 51(3)/83 पुलिस अधिनियम में चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार भूपेंद्र मौर्या पहले भी कई बार देर रात तक डीजे बजाने का आदी है। दोहराई जा रही इस प्रवृत्ति को रोकने के लिए पुलिस ने मौके से डीजे और अन्य ध्वनि उपकरण कब्जे में ले लिए।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रात्रि 10 बजे के बाद डीजे बजाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
WhatsApp
Group
Join Now
