काशीपुर - सिंचाई विभाग की भूमि पर बनी अवैध मजार ध्वस्त, SDM अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में चला अभियान 

 | 

उधम सिंह नगर, काशीपुर - उत्तराखंड सरकार के अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काशीपुर में सिंचाई विभाग की भूमि पर बनी एक अवैध मजार को गुरुवार सुबह प्रशासन द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।

यह मजार निझडा मालवा फार्म के पास स्थित थी और सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई थी। सिंचाई विभाग द्वारा इस मामले में 26 मई को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मजार को हटा दिया।

एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त अवैध संरचना को हटाने की प्रक्रिया शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। भूमि को समतल कर दिया गया है और वहां अब कोई भी अवशेष मौजूद नहीं हैं।

एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि जिले में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों को हटाने का अभियान जारी रहेगा। काशीपुर परगना क्षेत्र में अन्य कई अवैध निर्माणों की पहचान कर ली गई है, जिन्हें जल्द ही नोटिस देकर हटाया जाएगा।

गौरतलब है कि उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने राज्य में अवैध मजारों, मदरसों और अन्य अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि "सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

WhatsApp Group Join Now