Kanchi Dham - कैंची धाम में बना इतिहास, बाबा नीब करौरी के कैंची आश्रम पहुचने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बनीं द्रौपदी मुर्मू
Kanchi Dham - उत्तराखंड के नैनीताल जिले में प्रसिद्ध तीर्थस्थल कैंची धाम भवाली में मंगलवार को इतिहास रच गया। भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu in Kainchi dham) बाबा नीब करौरी महाराज के आश्रम (Kainchi Dham - Shri Neeb Karori Baba Ashram) पहुंचने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बन गईं। राष्ट्रपति मुर्मू ने यहां पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज की समाधि और मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा करीब आधा घंटा ध्यान में लीन रहीं। इस दौरान उन्होंने बाबा से आशीर्वाद लिया और आश्रम परिसर के अन्य मंदिरों में भी दर्शन किए।
कैंची धाम मंदिर समिति के प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने राष्ट्रपति को बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, उनके भक्तों और आश्रम की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी दी। राष्ट्रपति के साथ इस मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कैंची धाम को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त आस्था है। बाबा नीब करौरी महाराज के भक्तों में देश-विदेश की कई हस्तियां शामिल हैं। राष्ट्रपति मुर्मू की यह यात्रा न केवल धार्मिक महत्व रखती है बल्कि कैंची धाम के गौरव में भी एक नया अध्याय जोड़ गई है। इससे पहले पूर्व उप- राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पदासीन होने के दौरान यहां आए थे, पिछले माह 27 अक्टूबर को देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द भी कुमाऊँ यात्रा के दौरान दर्शन कर चुके हैं।
