हल्द्वानी - सब्जी मंडी में पति-पत्नी का हाईवोल्टेज ड्रामा, पत्नी ने फ्राईपैन से पति पर किया हमला, मची अफरातफरी
हल्द्वानी - शहर के मंगल पड़ाव स्थित सब्जी मंडी में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खरीदारी के दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। गुस्साई पत्नी ने पास की चाय की दुकान से फ्राईपैन उठाकर पति पर हमला कर दिया। घटना से करीब 15 से 20 मिनट तक मंडी परिसर में हड़कंप जैसी स्थिति बनी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार शाम सब्जी मंडी में एक महिला और पुरुष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। शुरुआत में लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन बाद में पता चला कि दोनों पति-पत्नी हैं और घरेलू कारणों को लेकर विवाद कर रहे हैं। इस पर लोग पीछे हट गए। इसी दौरान महिला ने पास की दुकान से फ्राईपैन उठा लिया और पति पर वार करने लगी। दो-तीन वार लगने के बाद पति वहां से भागने लगा, जबकि महिला हाथ में फ्राईपैन लेकर उसके पीछे दौड़ पड़ी। अचानक हुई इस घटना से बाजार में मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों में दहशत फैल गई। करीब 15 से 20 मिनट तक चले इस घटनाक्रम के बाद मामला शांत हुआ। हालांकि, किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
इस संबंध में हल्द्वानी कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि पुलिस को ऐसी किसी घटना की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है और न ही किसी पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि मामला संज्ञान में आता है तो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शांति भंग करने वालों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
