हल्द्वानी - काठगोदाम में हुई चाकूबाजी के 11 दिन बाद हेम ने दम तोड़ा, परिवार में मचा कोहराम
हल्द्वानी - काठगोदाम थाना क्षेत्र में चाकू से हमले में घायल युवक की 11 दिन बाद मौत हो गई। युवक को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार 5 मार्च की शाम करीब 6 बजे काठगोदाम रेलवे तिराहा के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने हेम आर्या (पुत्र किशोर राम) पर चाकू से हमला कर दिया। हेम मूल रूप से नैनीताल जिले के कूकना खेड़ा गांव का निवासी था और वर्तमान में राजपुरा स्थित कुष्ठ आश्रम के पास रह रहा था। अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल हेम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर परिजन उसे राममूर्ति अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा था।
परिजनों के अनुसार हालत में सुधार न होने पर शनिवार को उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर हल्द्वानी लौटे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में पुलिस पहले ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
