उत्तराखंड - यहां हेलीकॉप्टर की करवानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, इतने यात्री थे सवार, फिर सवालों के घेरे में व्यवस्था

 | 
उत्तराखंड - यहां हेलीकॉप्टर की करवानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, इतने यात्री थे सवार, फिर सवालों के घेरे में व्यवस्था

उत्तराखंड - चारधाम यात्रा के बीच मंगलवार को मौसम के अचानक करवट लेने से केदारघाटी में हेली सेवाओं के संचालन को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंता बढ़ गई। मौसम खराब होने के कारण हिमालयन सर्विसेज के एक हेलीकॉप्टर को एहतियातन अगस्त्यमुनि खेल मैदान में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हेलीकॉप्टर में छह यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित बताए गए हैं। घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर को हिमालयन सर्विसेज का हेलीकॉप्टर उत्तरकाशी के झाला से शेरसी हेलीपैड के लिए उड़ान पर था। दोपहर बाद मौसम अचानक खराब हो गया। आसमान में घने बादल छाने के साथ केदारघाटी के कई क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई। मौसम की स्थिति को देखते हुए पायलट ने एहतियात बरतते हुए हेलीकॉप्टर को अगस्त्यमुनि खेल मैदान में उतार दिया। इसी दौरान अगस्त्यमुनि में दो हेली सेवाओं के हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना से क्षेत्र में हलचल की स्थिति बन गई। हालांकि, प्रशासन की ओर से किसी भी अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं की गई है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर की अगस्त्यमुनि खेल मैदान में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निगरानी और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

मौसम ने बढ़ाई चिंता - 
केदारघाटी में मौसम के तेजी से बदलते मिजाज ने हेली सेवाओं के संचालन को लेकर एक बार फिर सतर्कता बढ़ा दी है। यात्रा सीजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेली सेवाओं के माध्यम से केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। ऐसे में मौसम अनुकूल नहीं होने पर उड़ानों के संचालन और सुरक्षा मानकों की प्रभावी निगरानी जरूरी है। अगस्त्यमुनि में हुई इमरजेंसी लैंडिंग ने भी खराब मौसम में हेली सेवाओं के संचालन को लेकर सतर्कता बरतने की आवश्यकता को सामने रखा है।

गंभीर हालत में श्रद्धालु एयरलिफ्ट - 
इधर, केदारनाथ धाम पहुंचे एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने पर रेस्क्यू और प्रशासनिक टीमों ने तत्काल कार्रवाई की। श्रद्धालु की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सुरक्षित केदारनाथ हेलीपैड पहुंचाया गया। चिकित्सकीय सलाह के बाद प्रशासन ने एयरलिफ्ट की व्यवस्था कर श्रद्धालु को हेलीकॉप्टर से हायर सेंटर भेजा। जिला प्रशासन और रुद्रप्रयाग पुलिस के अनुसार केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए टीमें लगातार तैनात हैं। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

WhatsApp Group Join Now