Heatwave Alert - उत्तराखंड में गर्मी का कहर बढ़ा, सरकार ने जारी की यह एडवाइजरी, अगले चार दिन पडेंगे भारी 
 

 | 
Heatwave Alert - उत्तराखंड में गर्मी का कहर बढ़ा, सरकार ने जारी की यह एडवाइजरी, अगले चार दिन पडेंगे भारी 

Uttarakhand Heatwave Alert - उत्तराखंड में गर्मी अब विकराल रूप लेने लगी है। मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी जिलों में अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है। बढ़ते तापमान को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 19 मई को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने का अनुमान है। वहीं ऊधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में पारा 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। टिहरी, अल्मोड़ा, चंपावत और चमोली के निचले इलाकों में भी तेज गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है।

21-22 मई तक नहीं मिलेगी राहत - 
मौसम विभाग के मुताबिक 20 से 22 मई तक हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हीटवेव जैसे हालात बने रहेंगे। देहरादून, नैनीताल और पौड़ी में भी तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा। लगातार बढ़ती गर्मी ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के निर्देश - 
स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पेयजल और बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।

बच्चों और मजदूरों के लिए विशेष सतर्कता - 
सरकार ने स्कूलों, निर्माण स्थलों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास तौर पर धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें, हल्के कपड़े पहनें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।

 

 

WhatsApp Group Join Now