देहरादून - माला विवाद पर हरीश रावत की सफाई, बोले- आपसी सम्मान को दिया गया गलत रंग, यशपाल आर्य के साथ नई तस्वीरें जारी
 

 | 
देहरादून - माला विवाद पर हरीश रावत की सफाई, बोले- आपसी सम्मान को दिया गया गलत रंग, यशपाल आर्य के साथ नई तस्वीरें जारी

देहरादून -  बागेश्वर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच माला पहनाने को लेकर हुए घटनाक्रम पर अब हरीश रावत ने सफाई दी है। उन्होंने दोनों नेताओं के बीच नाराजगी और विवाद की खबरों को गलत प्रचार बताते हुए कहा कि यह पूरा घटनाक्रम आपसी सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक था। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो के एक हिस्से को संदर्भ से अलग करके पेश किया गया, जिससे विवाद का नैरेटिव तैयार किया गया। इस बीच दोनों नेताओं की साथ में हंसते-मुस्कुराते हुए नई तस्वीरें भी सामने आई हैं।

दरअसल, बागेश्वर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हरीश रावत और यशपाल आर्य के बीच एक-दूसरे को माला पहनाने को लेकर हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद दोनों नेताओं के बीच नाराजगी और खींचतान की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। कांग्रेस के भीतर भी इस घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी थीं।

हरीश रावत ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का सम्मान करना था। वहीं यशपाल आर्य भी उन्हें सम्मान देना चाहते थे। इसी दौरान यशपाल आर्य ने छोटे भाई होने के नाते पहले माला पहनाने की बात कही। इस पर उन्होंने भी सम्मानपूर्वक माला पहनाने की बात दोहराई। रावत के मुताबिक, इस सामान्य बातचीत को विवाद का रूप दे दिया गया, जबकि मौके पर किसी तरह का झगड़ा या नाराजगी नहीं थी।

उन्होंने वीडियो को गलत प्रचार और दुष्प्रचार का हिस्सा बताते हुए कहा कि कुछ लोगों ने घटनाक्रम के एक हिस्से को इस तरह पेश किया, मानो उनके साथ कोई विवाद या हमला हुआ हो। उन्होंने मीडिया के कुछ लोगों पर भी भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर वीडियो को तोड़-मरोड़कर दिखाने का आरोप लगाया।

हरीश रावत ने कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं के व्यवहार का जिक्र करते हुए कहा कि मंच पर मौजूद कुमारी सैलजा भी मुस्कुरा रही थीं और पूरे कार्यक्रम का माहौल सामान्य तथा सौहार्दपूर्ण था। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में किसी तरह की नाराजगी नहीं है और इसे बड़े भाई-छोटे भाई के बीच आपसी सम्मान से जुड़ी सामान्य बातचीत के रूप में देखा जाना चाहिए।

वहीं, कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी इस घटनाक्रम को बड़ा विवाद मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि कुछ लोग सामान्य घटनाक्रम को नाराजगी का मुद्दा बनाकर अलग-अलग नैरेटिव तैयार कर रहे हैं। दोनों नेताओं की साथ में सामने आई नई तस्वीरों को भी आपसी सौहार्द के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

WhatsApp Group Join Now