उत्तराखंड - नरबलि वाले बयान पर हरीश धामी का यू-टर्न, सैलजा के सामने दी सफाई, बोले- आखिर मैं भी..... दिया था विवादित बयान
 

 | 
उत्तराखंड - नरबलि वाले बयान पर हरीश धामी का यू-टर्न, सैलजा के सामने दी सफाई, बोले- आखिर मैं भी..... दिया था विवादित बयान

पिथौरागढ़ - जौलजीबी मेले में नरबलि को लेकर विवादित बयान देकर राजनीतिक हलचल पैदा करने वाले धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी अब अपने बयान से पीछे हटते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में विधायक ने अपने बयान पर सफाई देते हुए इसे जुबान फिसलने का मामला बताया। उन्होंने कहा कि आखिर वह भी इंसान हैं और बोलते समय कभी-कभी जुबान फिसल जाती है।

दरअसल, 14 नवंबर को जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी के दौरान विधायक हरीश धामी और प्रशासन के बीच विवाद हो गया था। विधायक का आरोप था कि मेला अध्यक्ष होने के बावजूद उन्हें मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौटने के बाद विधायक ने मंच से अपनी नाराजगी जाहिर की थी। इस दौरान माइक फेंकने और हंगामे के वीडियो भी सामने आए थे।

विवाद ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब विधायक का एक वीडियो सामने आया। इसमें वह खुद को सबसे बड़ा गुंडा बताते हुए नरबलि करने तक की बात कहते सुनाई दिए। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई। भाजपा ने कांग्रेस विधायक के बयान को गंभीर बताते हुए पार्टी नेतृत्व से जवाब मांगा और उनके राजनीतिक आचरण पर सवाल उठाए। जौलजीबी प्रकरण में विधायक समेत अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस मुकदमा भी दर्ज हुआ।

अब कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के सामने हरीश धामी की सफाई ने इस पूरे मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। विधायक ने अपने विवादित बयान को भावावेश में निकले शब्द बताते हुए कहा कि इंसान होने के नाते कभी-कभी जुबान फिसल जाती है। उन्होंने अपने बयान के पीछे जौलजीबी मेले में हुए घटनाक्रम और क्षेत्र की जनता के सम्मान से जुड़ी नाराजगी को वजह बताया।

विधायक के इस रुख को उनके बयान से यू-टर्न के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा के लगातार हमलों और पार्टी नेतृत्व के सामने उठे विवाद के बाद विधायक को सफाई देनी पड़ी है। अब देखना होगा कि उनके इस स्पष्टीकरण के बाद विवाद थमता है या प्रदेश की राजनीति में यह मुद्दा आगे भी गरमाता रहेगा।

WhatsApp Group Join Now