हल्द्वानी - नैनीताल पुलिस की बड़ी सफलता, 37.48 लाख के इतने मोबाइल बरामद, लोगों के चेहरे खिले

 | 
हल्द्वानी - नैनीताल पुलिस की बड़ी सफलता, 37.48 लाख के इतने मोबाइल बरामद, लोगों के चेहरे खिले

नैनीताल - जिले की पुलिस ने एक सराहनीय अभियान चलाते हुए गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर 200 लोगों को बड़ी राहत दी है। जनवरी से मार्च 2026 के बीच चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने करीब 37.48 लाख रुपये कीमत के 200 मोबाइल फोन ढूंढकर उनके असली मालिकों को सौंप दिए।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर नैनीताल पुलिस की मोबाइल ऐप सेल और साइबर टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। पुलिस को मोबाइल ऐप और CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल की शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने IMEI नंबर के जरिए ट्रैकिंग शुरू की।


एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन में, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में टीम ने लगातार प्रयास कर विभिन्न राज्यों से मोबाइल फोन बरामद किए। बरामदगी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से की गई।


बरामद मोबाइल फोन में आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रियलमी, वनप्लस समेत कई नामी कंपनियों के फोन शामिल हैं। सभी मोबाइल उनके स्वामियों को सौंप दिए गए, जिससे लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। फोन वापस मिलने पर लोगों ने नैनीताल पुलिस का आभार जताया।


इस अभियान में शामिल पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचंद्र प्रजापति की अहम भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी ने टीम को 1500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा भी की है।


नैनीताल पुलिस का यह प्रयास आम जनता में विश्वास बढ़ाने के साथ ही साइबर ट्रैकिंग की प्रभावी कार्यशैली को भी दर्शाता है।

WhatsApp Group Join Now