हल्द्वानी - नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 अवैध तमंचों व 10 कारतूस के साथ हथियार तस्कर गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
हल्द्वानी - जनपद नैनीताल में अवैध हथियारों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए नैनीताल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत SOG और चोरगलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतरजनपदीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 अवैध तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में 27 जून को चोरगलिया के MVR गेट क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गलफार गेट की ओर जाने वाले रास्ते के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से दो देशी तमंचे (12 बोर) छह जिंदा कारतूस सहित तथा छह देशी तमंचे (.315 बोर) चार जिंदा कारतूस सहित बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 30/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रियासत (30 वर्ष), पुत्र रईस अहमद, निवासी ग्राम एवं पोस्ट नकुलिया, थाना सितारगंज, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास, हथियारों के स्रोत तथा इनके सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
