हल्द्वानी - कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने यहां मनाया अपना जन्मदिन, गिफ्ट दिया समस्याएं सुन CMO को दिए यह निर्देश 

 | 
हल्द्वानी - कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने यहां मनाया अपना जन्मदिन, गिफ्ट दिया समस्याएं सुन CMO को दिए यह निर्देश 

हल्द्वानी - कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने बुधवार को अपना जन्मदिन एक सामाजिक और संवेदनशील अंदाज में मनाकर मिसाल पेश की। उन्होंने बरेली रोड, मोतीनगर, हाथीखाल स्थित कुष्ठ आश्रम में पहुंचकर वहां रह रहे लोगों के साथ जन्मदिन मनाया, मिठाई और वस्त्र वितरित किए तथा उनकी समस्याएं सुनकर मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।

संवेदनशीलता का परिचय, रोगियों से संवाद - 
इस मौके पर आयुक्त रावत ने आश्रम में निवास कर रही 23 महिलाओं, 9 पुरुषों और उनके बच्चों से संवाद किया। उन्होंने हर व्यक्ति की बात ध्यानपूर्वक सुनी और भवन मरम्मत, स्वच्छता, तथा बुनियादी सुविधाओं की मांगों पर अधिकारियों को उचित कार्यवाही के निर्देश दिए। जब एक व्यक्ति ने आयुष्मान कार्ड की समस्या बताई, तो आयुक्त रावत ने तुरंत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. हरीश पंत को निर्देशित किया कि "संबंधित व्यक्ति का कार्ड शीघ्र बनाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी आश्रमवासी को इलाज में दिक्कत न हो।"

सीएमओ डॉ. पंत ने बताया कि आश्रम में रह रहे सभी लोगों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है और जरूरी दवाइयों की उपलब्धता पर नजर रखी जाती है।

 "समस्याओं का होगा प्राथमिकता से समाधान" – दीपक रावत - 
आयुक्त रावत ने सभी आश्रमवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा "आप सभी मेरे परिवार का हिस्सा हैं। आपकी हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। किसी को भी उपेक्षित महसूस नहीं होने दिया जाएगा।" आश्रम में रह रहे बच्चों और बुजुर्गों ने आयुक्त को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और इस दिन को उनके साथ मनाकर अपनेपन की भावना अनुभव की। सभी के चेहरों पर मुस्कान और खुशी साफ देखी जा सकती थी।

इस अवसर पर तहसीलदार मनीषा बिष्ट समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने आश्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और जरूरतमंद लोगों को सहयोग का भरोसा दिलाया।

WhatsApp Group Join Now