हल्द्वानी - बिना रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर के चल रहा था अल्ट्रासाउंड, प्रशासन ने डायग्नोस्टिक सेंटर किया सील
हल्द्वानी — शहर में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत दो प्रमुख अल्ट्रासाउंड केंद्रों, राघव पैथ लेब (मुखानी) और सत्यम डायग्नोस्टिक सेंटर (हीरा नगर)—का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान हीरा नगर स्थित सत्यम डायग्नोस्टिक सेंटर में कई गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं। टीम ने पाया कि रेडियोलॉजिस्ट की अनुपस्थिति में 26 मरीजों के अल्ट्रासाउंड की पर्चियां काटी गई थीं, यानी बिना डॉक्टर के ही अल्ट्रासाउंड किए जा रहे थे, जो कानूनन गंभीर अपराध है। एएनसी रजिस्टर और आवश्यक फॉर्म पर रेडियोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर भी नहीं मिले।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की मांग की, लेकिन स्टाफ ने कैमरे के खराब होने की बात कही। इस पर निरीक्षण टीम ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए मौके पर ही अल्ट्रासाउंड कक्ष को सील कर दिया। कक्ष की चाबी प्रशासन ने अपने कब्जे में ले ली है। केंद्र को तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश भी दिए गए हैं। निरीक्षण टीम में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, एसीएमओ डॉ. स्वेता भंडारी, ललित ढोंडियाल और जगदीश चंद्र शामिल रहे।
