हल्द्वानी- कौशल एकेडमी ने किया शताधिक शिक्षकों का सम्मान, रवि शंकर शर्मा को डाक्टरेट की मानद उपाधि
हल्द्वानी - भारतीय होटलियर परिषद् की ओर से आयोजित "उत्तराखंड एजुकेशन सम्मिट 2025" में उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान किया गया। यूनिवर्सल कान्वेंट पब्लिक स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य प्रायोजक कौशल एकेडमी इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट आफ होटल मैनेजमेंट था। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन के बाद कोरियोग्राफर सुहानी शर्मा ने मनमोहक सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। एकेडमी के प्रिंसिपल डायरेक्टर रवि शंकर शर्मा एवं सीईओ गिरीश घुग्तियाल ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी।
इस अवसर पर रवि शंकर शर्मा को पत्रकारिता एवं बाल साहित्य, विजेंद्र चौधरी को खेल, ब्रिगेडियर डा. पीएस भंडारी को स्वास्थ्य सेवा (ब्रेकियल प्लेक्सस सर्जरी) एवं कमला दिनेश ध्यानी को न्यूरोथेरपी सेवा के लिए डॉक्टरेट की मानद उपाधियों से सम्मानित किया गया। इंटरनेशनल इंटर्नशिप के लिए दुबई जा रहे सुमित गुसाईं व यशपाल रावत तथा रूस जा रहे हिमांशु व सागर भंडारी को अतिथियों ने वीजा प्रदान किया।
मुख्य अतिथि भारतीय एथलीट विजेंद्र चौधरी, अति विशिष्ट अतिथि मिशन मोदी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम गोपाल काका, विशिष्ट अतिथि सीओ सिटी नितिन लोहनी, सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी व रेंजर मदन बिष्ट ने आधुनिक शिक्षा प्रणाली एवं रोजगार, नशे का दुष्प्रभाव एवं संस्कार एवं संस्कृति जैसे विषयों पर अपने ओजस्वी विचार रखे। इसके उपरांत अतिथियों ने शताधिक शिक्षकों को शॉल ओढाकर एवं मोमेंटो व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर यूनिवर्सल कान्वेंट की मैनेजिंग डायरेक्टर एवं प्रिंसिपल मंजू जोशी, कोऑर्डिनेटर कंचन पंत, शहर के प्रमुख व्यवसायी विजय पाल, अंतर्राष्ट्रीय रेसलर मुकेश पाल, चंद्रशेखर परगाई एवं नागेश दुबे आदि उपस्थित थे।
