हल्द्वानी - हल्दूचौड़ चौराहे पर डंपर ने स्कूटी सवार को कुचला, युवक की मौके पर मौत, बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश

 | 
हल्द्वानी - हल्दूचौड़ चौराहे पर डंपर ने स्कूटी सवार को कुचला, युवक की मौके पर मौत, बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश

हल्दूचौड़ -  लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के हल्दूचौड़ मुख्य चौराहे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक स्कूटी से सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान हिम्मतपुर निवासी कमल पांडे (पुत्र पूरन पांडे) के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में नाराजगी - 
हल्दूचौड़ मुख्य चौराहे पर हुए हादसे के बाद स्थानीय लोगों में एक बार फिर नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों और राहगीरों ने मुख्य चौराहों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, वाहनों की गति नियंत्रित करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

WhatsApp Group Join Now