हल्द्वानी - निजी स्कूलों ने अभिभावकों से 50 करोड़ अतिरिक्त वसूली फ़ीस, डीएम की सख्ती से खुल गई पोल, नोटिस जारी 

 | 
हल्द्वानी - निजी स्कूलों ने अभिभावकों से 50 करोड़ अतिरिक्त वसूली फ़ीस, डीएम की सख्ती से खुल गई पोल, नोटिस जारी

हल्द्वानी - नैनीताल जिले के निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों से करोड़ों रुपये अतिरिक्त शुल्क वसूलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिक्षा विभाग की जांच में करीब 50 करोड़ रुपये से अधिक अतिरिक्त फीस वसूले जाने के तथ्य सामने आने के बाद भी कई स्कूलों ने अब तक शुल्क समायोजन का ब्योरा विभाग को उपलब्ध नहीं कराया है। इस पर मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) रणजीत सिंह नेगी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित विद्यालयों को नोटिस जारी किया है।

जांच समिति की रिपोर्ट में जिले के 114 निजी विद्यालयों की फीस संरचना की समीक्षा की गई थी। इसमें कई स्कूलों द्वारा परीक्षा शुल्क के नाम पर 4,500 रुपये तक तथा ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) के लिए 300 से 1,000 रुपये तक वसूले जाने के मामले सामने आए थे।

जांच के बाद 56 विद्यालयों ने अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने की बात स्वीकार करते हुए अभिभावकों के खाते में समायोजन करने का आश्वासन दिया था। इस संबंध में तत्कालीन सीईओ जी.आर. जायसवाल ने 27 जून को आदेश जारी कर एक सप्ताह के भीतर समायोजन की कार्रवाई पूरी कर शपथ पत्र सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

हालांकि आदेश जारी होने के 10 दिन बाद भी अधिकांश विद्यालयों ने विभाग को कोई शपथ पत्र या समायोजन का विवरण नहीं सौंपा। इसे गंभीरता से लेते हुए नव नियुक्त सीईओ रणजीत सिंह नेगी ने गुरुवार को संबंधित विद्यालयों को नोटिस जारी कर शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक आदेशों के अनुपालन की रिपोर्ट गूगल फॉर्म के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीईओ ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now