हल्द्वानी - अब घर बैठे करें आधार कार्ड अपडेट के लिए करें स्लॉट बुक, डाक विभाग ने लॉन्च किया नया एप
हल्द्वानी- आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने वाले लोगों के लिए डाक विभाग ने बड़ी सुविधा शुरू की है। अब लोगों को आधार केंद्रों पर लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। डाक विभाग के नैनीताल परिमंडल ने आधार सेवाओं के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग की सुविधा वाला नया एप लॉन्च किया है।
वरिष्ठ डाक अधीक्षक अमित दत्त ने पत्रकार वार्ता में बताया कि नैनीताल हेड पोस्ट ऑफिस के पोस्टमास्टर आई.के. दास और शशि शेखर द्वारा तैयार किए गए इस एप के माध्यम से लोग घर बैठे आधार कार्ड बनवाने या अपडेट कराने के लिए स्लॉट बुक कर सकेंगे। इसके लिए नागरिक http://postoffice-aadhar.web.app/ पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। यह एप प्ले स्टोर पर भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 26 आधार सहायता केंद्र संचालित हैं। आधार केंद्रों पर लोगों को होने वाली असुविधा और लंबी प्रतीक्षा को देखते हुए इस एप को विकसित किया गया है। एप का नाम "अग्रिम आधार आरक्षण पोस्ट ऑफिस" रखा गया है।
डाक विभाग के अनुसार, यदि किसी कारणवश किसी व्यक्ति का स्लॉट निरस्त होता है तो उसे एसएमएस के माध्यम से इसकी सूचना दी जाएगी। एप के जरिए लोग आधार सेवा के लिए टोकन भी प्राप्त कर सकेंगे।
अमित दत्त ने बताया कि पिछले वर्ष डाक विभाग ने 75 हजार आधार कार्ड बनाकर लगभग 50 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया था। वहीं इस वर्ष विभाग को ढाई करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य दिया गया है। इस अवसर पर पोस्टमास्टर इंदर कुमार दास, शशि शेखर सहित अन्य डाक कर्मचारी उपस्थित रहे।
