हल्द्वानी - पेट्रोल-डीजल महंगा होने के साथ ही कई पंपों पर सामान्य पेट्रोल हुआ खत्म, मांग के अनुरूप नहीं मिल रही सप्लाई
हल्द्वानी - पेट्रोल और डीजल की कीमतों में देर रात अचानक तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई, जिससे आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ने लगा है। बढ़ी हुई कीमतों के बीच हल्द्वानी के कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य पेट्रोल की किल्लत भी देखने को मिल रही है। बताया जा रहा है कि खाड़ी देशों में जारी युद्ध और वैश्विक ईंधन संकट के चलते तेल कंपनियों ने दाम बढ़ाए हैं। हालांकि लोग पहले से ही कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका जता रहे थे, लेकिन अचानक हुए इस इजाफे ने वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है।
हल्द्वानी के प्रमुख पेट्रोल पंपों में शामिल डीएम आवास के सामने स्थित हरबंस पंप पर सामान्य पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो गया है। यहां फिलहाल केवल स्पीड पेट्रोल की बिक्री की जा रही है। ऐसे में वाहन चालकों को सामान्य पेट्रोल की तुलना में करीब 8 रुपये प्रति लीटर अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। पंप कर्मचारियों के अनुसार, मांग के अनुरूप सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है, जिसके चलते सामान्य पेट्रोल का स्टॉक समाप्त हो गया। उनका कहना है कि पहले की तरह नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है और फिलहाल केवल स्पीड पेट्रोल ही उपलब्ध है।
