हल्द्वानी - मंत्री धन सिंह रावत का बड़ा बयान, टॉपर छात्र-छात्राओं को मिलेगा लैपटॉप, डिग्री कॉलेज में दाखिले पर मिलेंगे 51 हजार
हल्द्वानी - उत्तराखंड सरकार टॉपर छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए लैपटॉप देगी। वहीं इंटरमीडिएट के बाद डिग्री कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालय तल्ली, हल्द्वानी में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में यह घोषणा की।
हर टॉपर को मिलेगा लैपटॉप -
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक टॉपर छात्र-छात्रा को सरकार की ओर से लैपटॉप प्रदान किया जाएगा। इसमें छात्र और छात्रा दोनों शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद डिग्री कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
छात्र संघ चुनाव में बेटियों को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व -
डॉ. धन सिंह रावत ने बेटियों के सशक्तिकरण को लेकर भी सरकार की पहल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहली बार छात्र संघ चुनावों में बेटियों को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है। सरकार का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के साथ नेतृत्व के अवसर भी उपलब्ध कराना है।
‘आंगन का मिलन’ बनेगा व्यापक अभियान -
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की शिक्षा और पोषण तक सीमित नहीं रहने चाहिए। इन्हें माताओं, बच्चों और परिवारों के लिए जागरूकता और संवाद के सशक्त मंच के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर तक चलने वाला ‘सेवा संकल्प’ अभियान सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता को जोड़ने वाला व्यापक अभियान बनेगा।
दो लाभार्थियों को मिले 51-51 हजार के चेक -
कार्यक्रम के दौरान गौरा देवी कन्या धन योजना के तहत दो लाभार्थियों को 51-51 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। वहीं गोद भराई कार्यक्रम में चार लाभार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें फल वितरित किए गए। चार लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई। शिक्षा मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय तल्ली, हल्द्वानी में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त कक्ष शीघ्र स्वीकृत करने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में भाजपा महिला युवा मोर्चा अध्यक्ष कंचन भट्ट, निश्चल पांडे, युगल शर्मा, मनोज शाह, दिनेश खुल्बे समेत शिक्षा एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्तियां, छात्र-छात्राएं तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


