हल्द्वानी - ललित जोशी ने शहर में मौन पदयात्रा निकालकर जनता का जताया आभार, मीडिया से रूबरू हुए मेयर गजराज

 | 

हल्द्वानी - नगर निगम चुनाव के बाद राज्य आंदोलनकारी और कांग्रेस पार्टी के मेयर पद के उम्मीदवार ललित जोशी ने शहर में मौन पदयात्रा निकालकर शहर की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष जारी रहेगा। जोशी ने रामलीला ग्राउंड से शुरू मौन जुलूस हीरानगर स्थित गोल्ज्यू मंदिर तक पैदल यात्रा की। यह यात्रा रामलीला मैदान, पटेल चौक, सिंधी चौराहा, कालाढूँगी चौराहा, मुखानी चौराहा होते हुए हीरानगर के गोल्ज्यू मंदिर पहुंची। उन्होंने कहा अब गोल्ज्यू ही न्याय करेंगे। 


ललित जोशी ने चुनाव प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले बड़ी संख्या में मतों को काटा गया और फिर मतपत्र निरस्त किए गए। उन्होंने मतगणना प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पूरी मतगणना प्रक्रिया के दौरान भ्रम की स्थिति बनाई गई। जोशी ने कहा कि वह चुनाव हार गए हैं, लेकिन उन्हें 70 हजार लोगों का समर्थन मिला है, जो उनके लिए एक परिवार के समान है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका जन आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही, उन्होंने नवनिर्वाचित मेयर गजराज बिष्ट को जीत की बधाई भी दी।


गजराज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, बोले आपका प्यार विकास से लौटाऊंगा - 
दूसरी ओर, नगर निगम के नवनियुक्त मेयर गजराज बिष्ट ने शहर के एक निजी रेस्टोरेंट में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने चुनाव में जनता के भरपूर समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। बिष्ट ने कहा कि जनता ने जो प्यार और विश्वास उन पर दिखाया है, उसे वह दोगुने विकास के रूप में लौटाएंगे। उन्होंने हल्द्वानी नगर निगम को प्रदेश का आदर्श नगर निगम बनाने और कुमाऊं के प्रवेश द्वार को सुंदर एवं स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया। गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि, मेरे चुनाव में युवाओं, माताओं और सभी वर्गों ने जिस तरह से भाग लिया, उससे मुझे विकास के प्रति एक नई ऊर्जा मिली है। 
 

WhatsApp Group Join Now