हल्द्वानी - नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दमुआढुंगा के कई लोगों को कांग्रेस में करवाया शामिल, निकाय चुनाव के बीच बड़ी सेंधमारी  
 

 | 

हल्द्वानी - नगर निगम चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। दमुआढुंगा क्षेत्र में अनुसूचित समाज के वोट बैंक में सेंधमारी करते हुए कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। आज नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की मौजूदगी में दलित समाज की दो प्रमुख महिला जनप्रतिनिधियां हेमा देवी और मीना देवी, अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हुईं। इस घटनाक्रम को कांग्रेस ने अपनी बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि यह कदम आगामी निकाय चुनावों में पार्टी को मजबूती देगा।


यशपाल आर्य ने इस मौके पर कांग्रेस की अनुसूचित जाति समाज के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि पार्टी हमेशा से वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए काम करती रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस नए जुड़ाव से दमुआढुंगा क्षेत्र में कांग्रेस की स्थिति मजबूत होगी। कांग्रेस में शामिल होने के बाद हेमा देवी ने इसे अपनी "घर वापसी" करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियां समाज के हित में हैं, और वे पूरी ताकत से पार्टी को जीत दिलाने के लिए काम करेंगी। मीना देवी ने भी कांग्रेस की मजबूती के लिए सहयोग का वादा किया।


कांग्रेस की इस रणनीतिक बढ़त से बीजेपी के लिए चुनौती बढ़ गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दमुआढुंगा क्षेत्र में दलित समुदाय के समर्थन से कांग्रेस को नगर निगम चुनावों में बढ़त मिल सकती है। यह बदलाव स्थानीय राजनीति की दिशा को प्रभावित कर सकता है।

WhatsApp Group Join Now
News Hub