हल्द्वानी - पत्रकार पर जानलेवा हमला, आरोपी बिल्डर के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, मुकदमा दर्ज कर किया गिरफ्तार 
 

 | 
हल्द्वानी - पत्रकार पर जानलेवा हमला, आरोपी बिल्डर के अवैध निर्माण पर चली जेसीबी, मुकदमा दर्ज कर किया गिरफ्तार

हल्द्वानी - ऊंचापुल क्षेत्र में कवरेज के दौरान पत्रकार दीपक अधिकारी पर जानलेवा हमला करना बिल्डर को भारी पड़ गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि प्रशासन ने आरोपी से जुड़े अवैध निर्माण आज बुधवार को ध्वस्त कर दिया है। बीते मंगलवार देर शाम रिपोर्टर दीपक अधिकारी ऊंचापुल क्षेत्र में नहर किनारे चल रहे अवैध निर्माण की रिपोर्टिंग कर रहे थे। तभी बिल्डर चौहान ग्रुप से जुड़े दो बदमाश हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और उन पर बेरहमी से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें अधमरा कर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में फेंक दिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल पत्रकार को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कृष्णा हॉस्पिटल, हल्द्वानी में जारी है।

प्रशासन की कड़ी कार्रवाई - 
घटना की जानकारी मिलते ही डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल और कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने तत्काल संज्ञान लिया। बुधवार सुबह प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। पत्रकार दीपक अधिकारी की तहरीर पर थाना मुखानी में अजीत चौहान और अनिल चौहान के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की नीयत से हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने घटना को "अत्यंत निंदनीय और अक्षम्य" बताते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि "कानून को अपने हाथ में लेने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। पत्रकारों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।"

WhatsApp Group Join Now