हल्द्वानी - दो मुंह, चार आंखें और तीन कान वाली अनोखी बछिया का हुआ जन्म, देखने के लिए उमड़ रही है भीड़
हल्द्वानी - नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में एक बेहद दुर्लभ और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गोरापड़ाव के डी-क्लास क्षेत्र में एक गाय ने ऐसी बछिया को जन्म दिया है, जिसके दो मुंह, चार आंखें और तीन कान हैं। इस अनोखी बछिया को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट रही है।
जानकारी के अनुसार महेश चंद्र बचकेती और हंसी बचकेती की गाय ने बुधवार शाम करीब पांच बजे इस बछिया को जन्म दिया। प्रसव के दौरान गाय और बछिया दोनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने काफी मशक्कत के बाद सफलतापूर्वक प्रसव कराया। पशुपालक ने बताया कि जन्म के बाद बछिया की हालत सामान्य है और वह दूध भी पी रही है। हालांकि दो सिर होने के कारण उसे गर्दन संभालने और अपने शरीर का भार उठाने में परेशानी हो रही है।
वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. आर.के. पाठक ने बताया कि इस प्रकार की स्थिति को पशु चिकित्सा विज्ञान में "पॉलीसिफेली (Polycephaly)" कहा जाता है। यह दुर्लभ जन्मजात विकृति तब उत्पन्न होती है, जब गर्भावस्था के दौरान जाइगोट या भ्रूण पूरी तरह से विभाजित नहीं हो पाता। इसके परिणामस्वरूप एक ही शरीर पर दो सिर विकसित हो जाते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे मामले अत्यंत दुर्लभ होते हैं। फिलहाल बछिया चिकित्सकीय निगरानी में है और उसके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।
