हल्द्वानी - उत्तराखंड के युवाओं के लिए ग्राफिक एरा की बड़ी पहल, इंजीनियरिंग, HM और सिविल सेवा की मिलेगी मुफ्त ट्रेनिंग
हल्द्वानी - उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने एक बड़ी पहल की घोषणा की है। संस्थान के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से राज्य के गरीब परिवारों के बच्चों को इंजीनियरिंग में डिप्लोमा, होटल मैनेजमेंट की ट्रेनिंग और सिविल सेवाओं की तैयारी के लिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण निशुल्क दिया जाएगा।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. घनशाला ने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। इसका उदाहरण यूनिवर्सिटी की पूर्व छात्रा मिनल नेगी हैं, जिन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 66वीं रैंक हासिल कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया है। टिहरी जिले के डोबरा महड़ गांव के एक शिक्षक की बेटी मिनल ने सीमित संसाधनों के बावजूद यह उपलब्धि हासिल की है।
इसी तरह ग्राफिक एरा के भीमताल परिसर की बीटेक सिविल इंजीनियरिंग की छात्रा कर्निका नेगी ने इंजीनियरिंग सर्विसेज परीक्षा में देशभर में 152वीं रैंक प्राप्त की है। वहीं संस्थान के कई छात्रों को देश-विदेश की बड़ी कंपनियों में आकर्षक पैकेज पर प्लेसमेंट मिला है। डॉ. घनशाला ने बताया कि राज्य के आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए देहरादून और हल्द्वानी में सिविल सेवा की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। यह प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क होगा।
इसके अलावा होटल उद्योग में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए एक वर्ष का मुफ्त होटल मैनेजमेंट कोर्स भी शुरू किया जाएगा। इसमें इंडस्ट्री ट्रेनिंग शामिल होगी, जिससे युवा सीधे बेहतर पदों पर रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही उन्हें गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र के गांवों में खाली पड़े घरों को होमस्टे के रूप में विकसित कर स्वरोजगार शुरू करने के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा।
डॉ. घनशाला ने बताया कि आगामी सत्र से देहरादून और भीमताल में यूनिवर्सिटी द्वारा कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन तथा सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कोर्स भी बिना शुल्क कराए जाएंगे। इन कोर्सों के लिए चयनित छात्रों को केवल अपनी आवासीय व्यवस्था स्वयं करनी होगी। पत्रकार वार्ता में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ. मनोज लोहानी, भीमताल परिसर के निदेशक प्रोफेसर (कर्नल) ए.के. नायर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
